कूनो नेशनल पार्क में एक मादा चीता गर्भवती है और दीपावली तक शावकों को जन्म देने की संभावना है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस खुशखबरी की जानकारी साझा की। पार्क में वर्तमान में 12 वयस्क और 12 शावक हैं, जिसमें गर्भवती मादा चीता वीरा शामिल है।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Sun, 20 Oct 2024 09:04:53 PM (IST)
Updated Date: Sun, 20 Oct 2024 09:32:12 PM (IST)
HighLights
- कूनो पार्क में गर्भवती मादा चीता की सूचना
- दीपावली तक शावकों के जन्म की उम्मीद
- अभी कूनो में 12 वयस्क और 12 शावक हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट को लेकर जल्द ही एक बार फिर खुशखबरी मिलने वाली है। एक मादा चीता गर्भवती है और वह दीपावली के आसपास शावकों को जन्म दे सकती है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गर्भवती मादा चीता का फोटो और उसके जल्द मां बनने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर दी है। कूनो प्रबंधन के अधिकारियों ने दीपावली तक यह खुशखबरी आने की बात कही है।
कूनो में आने वाली हैं खुशियां…
देश के ‘चीता स्टेट’ मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में जल्द ही मादा चीता नए शावकों को जन्म देने वाली है।
यह खबर ‘चीता प्रोजेक्ट’ की बड़ी उपलब्धि का प्रतीक है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में शुरू किया गया ये प्रोजेक्ट… pic.twitter.com/gLz8kD9HJ3
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 19, 2024
वीरा चीता गर्भवती
बता दें, इस समय कूनो नेशनल पार्क में 12 वयस्क और 12 चीता शावक हैं। अगस्त महीने में प्रजनन के लिए मादा चीता वीरा के साथ बाड़े में एक नर चीता को रखा गया था। हालांकि उसका नाम स्पष्ट नहीं किया गया है। अब वीरा में गर्भ के पूरे लक्षण स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पार्क में अभी तक वीरा, निर्भा और धीरा तीन मादा चीता ऐसी हैं जो अब तक मां नहीं बनी हैं।
आशा और ज्वाला बन चुकी हैं मां
आशा और ज्वाला शावकों को जन्म दे चुकी हैं। ज्वाला ने तो जनवरी, 2024 में दूसरी बार शावकों को जन्म दिया था। डीएफओ थिरूकुराल आर का कहना है कि कूनो पार्क में एक मादा चीता जल्द ही मां बनने वाली है। गाइडलाइन के अनुसार हम मादा चीता का नाम स्पष्ट नहीं कर सकते।
चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी पर जवाब तलब
नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथाेरिटी, भारत सरकार ने वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे की शिकायत पर मप्र सरकार वन विभाग से चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी पर जवाब तलब किया है। कूनो नेशनल पार्क में हुई चीतों की मौत और चीता प्रोजेक्ट में हुई गड़बड़ी के विषय को लेकर वन्य जीव जंतु एवं पर्यावरण प्रेमियों ने 7 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट का घेराव कर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के नाम ज्ञापन भी दिया गया था।
वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट की शिकायत पर पांच बिंदुओं पर जांच शुरू करने की मांग की गई है। ज्ञापन में चीता प्रोजेक्ट के नियमों का उलंघन कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ और सिंह परियोजना के डायरेक्टर उत्तम शर्मा पर लगाया था।